बेगूसराय में 25 नवंबर की रात बलिया थाना क्षेत्र के NH-31 के किनारे भोला ऑटो पेट्रोल पंप पर लूट हुई थी। मामले में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। बदमाशों के पास से लोहे का रॉड, कुछ कैश और मोबाइल बरामद किए गए हैं। बदमाशों से पूछताछ चल रही है।
एसपी मनीष ने कहा कि बलिया थाना क्षेत्र के बालाचक निवासी सिकम कुमार उर्फ राणा ने अपने पड़ोस के एक नाबालिग के साथ सुबह करीब 3:00 बजे भोला ऑटो सर्विस पेट्रोल पंप पर मैनेजर सदानंदपुर निवासी मुकेश कुमार को सोए स्थिति में मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
काउंटर से 40-45 हजार रुपए और सैमसंग का एक मोबाइल लूट लिया। बलिया डीएसपी नेहा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी की जांच, तकनीकी अनुसंधान और सूचना संकलन करते हुए बालाचक निवासी बुनिलाल यादव के बेटे सिकम कुमार उर्फ राणा को उसके घर से गिरफ्तार किया।
बरामद कैश और हथियार।
लूटपाट के लिए पैदल ही आए थे दोनों
पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके घर से लूटा गया मोबाइल, घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड, घटना के समय पहना गया कपड़ा, जूता और लूट के 7218 रुपए के साथ ही एक अन्य छोटा मोबाइल बरामद किया था। पूछताछ में पड़ोस के ही एक नाबालिग युवक के शामिल होने की बात कही।
इसके बाद उसे भी पकड़ लिया गया, उसके घर से लूट का 4500 रुपए बरामद किए गए। घटना के समय पहना गया कपड़ा और गमछा पुलिस ने बरामद किया। एसपी ने बताया कि एक चाकू भी बरामद किया गया है। दोनों पैदल ही पेट्रोल पंप पर आए थे।
पकड़े गए बदमाशों के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। प्रेसवार्ता में बलिया डीएसपी नेहा कुमारी व पुलिस टीम मौजूद थी।