खगड़िया में नारे लगाए-बिहार का योगी जिंदाबाद; टीम बनाने से पहले घूम रहे बिहार भाजपा अध्यक्ष।

बिहार: सैनिक होटल में सम्राट चौधरी को तराजू के एक पल्ले पर बैठाकर दूसरे पल्ले पर सिक्के रखे गए। जब तक तराजू बराबर नहीं हुआ, तब तक सिक्के डाले गए। बता दें कि एक समय जब नीतीश कुमार बाढ़ से सांसद बने थे, तो बाहुबली अनंत सिंह ने नीतीश कुमार को सिक्कों से तौला था।

दरअसल, सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी कभी खगड़िया से सांसद रहे थे। इनका खगड़िया से राजनीतिक रूप से काफी गहरा संबंध है। उन्होंने कभी खगड़िया से चुनाव लड़ने का मन भी बनाया था। लेकिन, राजनीतिक कारणों से चुनाव नहीं लड़ सके थे।

अब जब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने हैं तो वहां के कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं। इसी उत्साह में जब सम्राट चौधरी खगड़िया पहुंचे तो उन्हें सिक्कों से तौल दिया गया। बताया जा रहा है लगभग 100 किलो सिक्कों का इंतजाम किया गया था।

चर्चा है कि बिहार में इसी माह प्रदेश पदाधिकारियों की घोषणा की जा सकती है। सम्राट चौधरी अपनी टीम में युवा नेताओं को तरजीह देंगे। हालांकि पहले के अनुभवी नेताओं को भी टीम में रखने की बात कही जा रही है। पदाधिकारियों की सूची तैयार की जा रही है।

सम्राट चौधरी अलग-अलग जिलों में जाकर नेता और कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं, ताकि उनको अपने बारे में और अपने बनने वाली टीम के बारे में पूरा फीडबैक मिल सके।

Darbhanga Office: