बेगूसराय के MRJD कॉलेज में गुरुवार को छात्रों-शिक्षकों के बीच हुए विवाद के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घायल छात्रों से मिलने जहां सदर अस्पताल विभिन्न दलों के नेता पहुंच रहे हैं। वहीं, छात्र संगठनों ने दोषी कॉलेज प्रशासन को अविलंब गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
MRJD कॉलेज में छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट मामले में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.संजय कुमार चौधरी ने सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने टीम गठित कर MRJD कॉलेज के ऊपर कार्रवाई की बात कही है।
कुलपति ने कहा कि महाविद्यालय में अगर गलत तरीके से परीक्षा देते छात्र पकड़े जाते हैं, तो उसे रेस्टिगेट कर सकते हैं। कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। हालांकि, इस दौरान सदर अस्पताल में कुलपति को विभिन्न छात्र संगठन के सदस्यों का आक्रोश भी झेलना पड़ा है।
मौके पर मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह, पूर्व मेयर संजय कुमार, जदयू जिलाध्यक्ष रुदल राय, भाजपा नेता अमरेन्द्र कुमार अमर समेत सभी छात्र संगठन के प्रतिनिधि मौजूद थे। इसके बाद कुलपति और विधायक सहित सभी लोग MRJD कॉलेज पहुंचे।
आक्रोशित छात्रों को समझाते विधायक।
जहां गेट पर जुटे तमाम छात्र संगठन के नेताओं ने गाड़ी का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद विधायक ने कॉलेज प्रबंधन पर तुरंत कार्रवाई कराए जाने का आसान देकर छात्रों को शांत कराया। इसके बाद कुलपति और विधायक से सभी लोग कॉलेज के अंदर जा सके। छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए सदर-वन DSP सुबोध कुमार सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे हुए हैं।