बिहार में मां द्वारा अपने ही बच्चों की जान लेने की घटना सामने आई है। अलग-अलग जिलों से सामने आई इन घटनाओं ने सबको झकझोर कर रख दिया है। मधुबनी जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र की पड़वा नवटोल पंचायत वार्ड चार में सोमवार की सुबह एक महिला ने अपने चार बच्चों के साथ जहर पी लिया। गंभीर हालत में परजिनों ने पांचो लोगों को सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए पांचो को रेफर कर दिया गया। पारिवारिक कलह घटना का कारण बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार पड़वा नवटोल वार्ड चार निवासी शैलेंद्र राम की पत्नी सीमा देवी (30 वर्ष) ने सोमवार को सुबह करीब 10 अपने चार बच्चों प्रियंका (7 वर्ष), पल्लवी कुमारी (5 वर्ष), दिव्यांशु कुमार (4 वर्ष) और अयांश कुमार (3 वर्ष) को जहर पिलाने के बाद स्वयं भी जहर पी लिया। ग्रामीणों ने तत्काल सीएचसी में सूचना देकर एंबुलेंस मंगवायी और पांचो को सीएचसी पहुंचाया।
इधर सासाराम के करगहर में दो दिनों से घर का चूल्हा नहीं जला और भूख से रोते-बिलखते बच्चों का दर्द सहन नहीं कर सकी एक बेबस मां ने नहर पुल से दो वर्षीय बच्चे को गहरे पानी में फेंक दिया। स्वयं भी नहर में कूद गई। घटना सोमवार की दोपहर एक बजे की है। घटना के समय मौके पर मौजूद मोहन बैठा नामक युवक ने जान की बाजी लगा दोनों को बाहर निकाला।
बेतिया के बैरिया क्षेत्र की सिसवा सरैया पंचायत के मेथौली स्थित तिरहुत मुख्य नहर के साइफन में सोमवार सुबह में पेट पर बंधी एक साल की मासूम संग महिला का शव उपलाता मिला। आशंका है कि मासूम को पेट पर बांधकर महिला साइफन में कूद गई। इससे दोनों की मौत हो गई। हालांकि महिला ने पिता मनोज यादव ने आरोप लगाया है कि पति व ससुरालवालों ने उसकी हत्या कर दी है।