बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने हरियाणा विधानसभा चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी की जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया। मंगलवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ने एक बार फिर भाजपा के विकास, समावेशी नीति और राष्ट्रीय गौरव पर आधारित शासन मॉडल पर भरोसा जताया है।
हरियाणा विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत पर मंगलवार को बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में जश्न का माहौल रहा। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मिठाई बांटकर खुशी का इज़हार किया। उन्होंने कहा कि यह जीत हमें और अधिक परिश्रम करने और जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रेरित करती है।
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने हरियाणा चुनाव नतीजे आने के पहले जिस तरह से कांग्रेस के नेता अलग-अलग बयानबाजी करके लोगों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे थे, उन्हें आज के नतीजों ने बता दिया है कि जनता हवा-हवाई बयान देने वाले नेताओं के बदले विकास के एजेंडे पर काम करने वाली पार्टी को पसंद करती है। हरियाणा में जीत की हैट्रिक के साथ आगे आने वालों राज्यों के विधानसभा चुनावों में भी भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।
मंगल पांडेय बोले- दोनों राज्यों का परिणाम ऐतिहासिक
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव परिणाम को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा की हैट्रिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास, गरीब कल्याण और भारत को वैश्विक पटल पर प्रतिष्ठापित करने की नीतियों एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं गृह मंत्री अमित शाह की कुशल राजनैतिक सांगठनिक रणनीतियों के कारण मिली। पीएम की विश्वसनीयता पर हरियाणा की जनता ने तीसरी बार मुहर लगाई है।