सहरसा : सहरसा में बाढ़ पीड़ितों ने राहत और प्लास्टिक शीट के लिए सड़क जाम किया, टायर जलाकर विरोध जताया

बिहार के सहरसा में बाढ़ पीड़ितों ने राहत और प्लास्टिक शीट के लिए सड़क पर जाम लगा दिया। कई घंटे तक सड़क पर जमकर हंगामा किया।

बाढ़ पीड़ितों का विरोध

सहरसा जिले के महिषी प्रखंड क्षेत्र के गंडौल बघवा में बाढ़ पीड़ितों ने राहत और प्लास्टिक शीट के लिए गुरुवार को सहरसा-दरभंगा मुख्य मार्ग को जाम कर प्रशासन के विरुद्ध जमकर प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि बीते कई दिनों से वह लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई राहत तक नहीं मिला है।

 

लोगों के मुताबिक, प्लास्टिक शीट भी नहीं मिलने के कारण खुले आसमन के नीचे जिंदगी गुजारने को मजबूर हैं। सूचना मिलते ही महिषी सीओ अनिल कुमार, जलई ओपी अध्यक्ष ममता कुमारी मौके पर पहुंच कर लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। सीओ ने कहा कि राहत शिविर में सामुदायिक किचेन चल रहा है। प्लास्टिक शीट की थोड़ी सी शॉर्टेज है। जिला प्रशासन को अवगत करा दिया गया है। जैसे ही उपलब्ध होगा सभी को दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आपदा के समय सड़क जाम करना उचित नहीं है। वहीं, लोगों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि अंचल प्रशासन ने जो प्लास्टिक शीट भेजी थी, वह कुछ स्थानीय छुटभैये नेताओं ने अपने पसंद के लोगों को दिला कर लोगों को राहत से वंचित कर दिया। लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर कर अपना विरोध जताया।

जाम के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो गया, जिसके कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। खबर लिखे जाने तक जाम लगा हुआ था। अधिकारी उसे समझने में जुटे थे। अधिकारियों ने लोगों को समझाते हुए कहा कि जाम के कारण आपदा राहत कार्यों में भी परेशानी होगी। मालूम हो कि बीते दिनों दरभंगा जिले के कीरतपुर में कोसी नदी का तटबंध टूटने से महिषी अंचल क्षेत्र में जल का स्तर काफी बढ़ गया था। लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है ।

Darbhanga Office: