बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग द्वारा दरभंगा के बीएमपी खेल मैदान में आयोजित अंतर जिला राज्य स्कूली बालिका हैंडबॉल चैंपियनशिप में जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया। सीवान की टीम ने 15 अंकों में से 9 अंक हासिल करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया है। प्रतियोगिता में सीवान की अंडर-17 आयु वर्ग की लड़कियों ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि अंडर-14 में रजत और अंडर-19 में कांस्य पदक प्राप्त किया। इस बेहतरीन प्रदर्शन के साथ टीम अंक तालिका में सबसे ऊपर रही।
दूसरे स्थान पर सारण जिले की टीम ने 7 अंक और तीसरे स्थान पर एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र की टीम ने 5 अंक प्राप्त किए। रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी के निदेशक और मुख्य प्रशिक्षक संजय पाठक ने बताया कि अकादमी की सभी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पमाला और मिठाई खिलाकर भव्य स्वागत किया गया। साथ ही राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों का चयन बिहार राज्य स्कूली टीम के लिए किया गया है, जो अगले माह होने वाली स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
इस अवसर पर हैंडबॉल एसोसिएशन की सचिव सलमा खातून और कोषाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई दी। आईएमए सिवान के अध्यक्ष डॉ. शशि भूषण सिन्हा, सचिव डॉ. शरद चौधरी और अन्य प्रमुख खेल प्रेमियों ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।