बिहार : भूमि विवाद सुलझाने गई महिला SI के सिर में मारा तीर

पटना: जमीन विवाद  सुलझाने गई महिला पुलिस कर्मी पर जानलेवा हमला किया गया है. हमलावरों ने तीरों से हमला किया जिसमें महिला एसआई गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना बिहार के अररिया जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की सुबह हुई. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद था. विवाद को सुलझाने के लिए महल गाँव थाने की सब इंस्पेक्टर नुसरत परवीन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं.

 

आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. हमलावरों ने पुलिस टीम पर तीरों से हमला कर दिया. इस हमले में महिला एसआई नुसरत परवीन के सिर में तीर लग गया. बताया जा रहा है कि भूप नारायण यादव की शिकायत पर पुलिस टीम जमीन विवाद की जांच करने गांव गयी थी. भूपनारायण यादव  का आरोप है कि कुछ लोगों ने उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया है.

अररिया के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायल महिला एसआई नुसरत परवीन की हालत गंभीर है. उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने पर वह खुद मौके पर पहुंचे. इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Darbhanga Office: