एक मछली पूरे तालाब को गंदी कर देती है… इन दिनों यह बात बिहार पुलिस पर सटीक साबित हो रही है. प्रदेश के कुछ पुलिसवालों की करतूतों के कारण पूरा विभाग बदनाम हो रहा है. ऐसा ही एक मामला समस्तीपुर से सामने आया है. समस्तीपुर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें कथित शराब कारोबारी से एक दरोगा घूस (रुपये) लेता दिख रहा है. वायरल वीडियो वारिसनगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. यहां एएलटीएफ में तैनात दरोगा कथित शराब कारोबारी को छोड़ने के लिए उससे रुपये लेता नजर आ रहा है. वहीं आरोपी दरोगा को लेकर क्षेत्र ने बताया कि दरोगा आए दिन लोगों को शराब के मामले में जेल भेजने की धमकी देता था. वह अक्सर लोगों से रुपये की डिमांड करता था. लोगों ने बताया कि रुपये नहीं देने पर शराब के मामले में झूठा मुकदमा बनाकर फंसा देता है. अब उसका कथित शराब कारोबारी से घूस लेने का वीडियो वायरल हो गया है. ऐसे में अब देखना है कि ऐसे पुलिस अधिकारी पर कब तक और क्या कार्रवाई होती है. हालांकि, ज़ी न्यूज़ इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है. इसी तरह का एक मामला मोतिहारी से सामने आया है. यहां निगरानी विभाग ने रक्सौल थाना में पदस्थापित दारोगा व चौकीदार को घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. निगरानी विभाग ने आरोपी पुलिसवालों को रंगे हाथ 18 हजार रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है.