भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मछुआरों को भी समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। श्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्र में बना गहरा दबाव क्षेत्र अब देश के पश्चिम भाग की तरफ बढ़ने लगा है। इस वजह से कई राज्यों में मौसम करवट लेगा और भारी बारिश हो सकती है। कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी।
- मध्य प्रदेश में भी करवट लेगा मौसम, झमाझम होगी बारिश।
- अगले दो दिन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में साफ रहेगा मौसम।
आज इन प्रदेशों में भारी बारिश
16 सितंबर को दक्षिणी बिहार, झारखंड, उत्तर-पश्चिम ओडिशा, उत्तरी छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों पर भारी बारिश की संभावना है। 17 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, पश्चिम व पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश का अनुमान है। 18 सितंबर को पूर्वी व पश्चिमी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश हो सकती।
18 सितंबर से थमेगा तेज हवाओं का दौर
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर बंगाल की खाड़ी में 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। वहीं पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी में 40 से 60 किमी की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। 18 सितंबर से तेज हवाओं का दौर थम जाएगा। हालांकि दक्षिणी बंगाल की खाड़ी पर 35 से 55 किमी तक की हवाएं अगले पांच दिनों तक जारी रहेंगी। मछुआरों को 16 सितंबर की सुबह तक बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग और बांग्लादेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 15 सितंबर को सबसे अधिक मयूर विहार में 17 एमएम बारिश दर्ज की गई। 16 और 17 सितंबर को दिल्ली में मौसम साफ रहेगा। 18 और 19 सितंबर को हल्की बारिश की संभावना है। 20 और 21 सितंबर को दिल्ली में मौसम साफ रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक 16 सितंबर को सुबह 5:30 बजे पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्र में बना गहरा दबाव क्षेत्र बांकुरा (पश्चिम बंगाल) से लगभग 40 किलोमीटर दक्षिण, जमशेदपुर (झारखंड) से 90 किलोमीटर पूर्व-उत्तर पूर्व और रांची (झारखंड) से 180 किलोमीटर पूर्व में स्थित है।
अगले 12 घंटों के दौरान यह पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्र से होते हुए कमजोर होकर दबाव क्षेत्र में तब्दील हो सकता है। इसके बाद यह अगले 24 घंटों के दौरान झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ से होते हुए आगे बढ़ना जारी रखेगा।