बेगूसराय में NH-31 फोरलेन पर आज दोपहर सड़क हादसा हुआ है। इसमें पति-पत्नी की मौत हो गई। दरअसल, यहां हाइवा और ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसकी चपेट में सड़क किनारे लगा बोलेरो भी आ गया। साथ ही यहां बाइक में हवा भरवा रहे SSB जवान की वाहन की ठोकर से मौत हो गई। जबकि, इनकी पत्नी के शरीर पर बालू लगा ट्रक पलट गया। इससे इनकी भी मौत हो गई।
घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के राजा पेट्रोल पंप बखड्डा के पास की है। मृतक की पहचान मुंगेर के बरियारपुर निवासी एसएसबी जवान सोनू कुमार (30) और उसकी पत्नी मौसम कुमारी (28) के रूप में की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस
फिलहाल, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। पुलिस ने वाहन को जेसीबी से हटवाया। साथ ही शवों को बालू के नीचे से निकाला गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि सोनू आज अपने बाइक से बेगूसराय किसी रिश्तेदार के यहां आ रहे थे। इसी दौरान राजा पेट्रोल पंप साहेबपुर कमाल के समीप बाइक में हवा डलवाने के लिए रुके हुए थे।
पुलिस ने परिजनों को दी सूचना
साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष व प्रशिक्षु डीएसपी हिमांशु कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही हम लोग घटनास्थल पर तुरंत पहुंचे। पति सोनू कुमार की मौत हो चुकी थी। जबकि, पत्नी का शव जेसीबी की मदद से बालू के नीचे से निकाला गया है। परिजनों को सूचना भेजी गई है।