जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा निदेशालय, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार नशा मुक्त भारत अभियान (NMBA) के तहत जिले में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति प्रभावी जन-जागरूकता उत्पन्न करने तथा युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं

उन्होंने बताया कि 02 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर दरभंगा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभाओं में “राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ ग्रहण (National Pledge Against Drug Abuse)” कार्यक्रम का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा।

इसके माध्यम से जनसमुदाय को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में नशा विरोधी शपथ ग्रहण कार्यक्रम को प्रभावी एवं व्यापक बनाया जाए। इसके लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं जिला पंचायती राज पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में आयोजित ग्राम सभा में जीविका दीदियों, शिक्षकों, युवाओं एवं स्थानीय ग्रामीणों की शत-प्रतिशत सहभागिता हो।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि 02 अक्टूबर को आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ का सामूहिक रूप से आयोजन सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम की व्यापक प्रचार-प्रसार गतिविधियाँ भी संचालित की जाएँ, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।

उन्होंने बताया कि सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, दरभंगा इस अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु नोडल पदाधिकारी के रूप में कार्य करेंगे तथा सभी प्रखंडों से सतत समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम के आयोजन एवं प्रगति की निगरानी सुनिश्चित करेंगे।
