Featured

बिहार के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जुड़ा, नितिन नबीन ने बढ़ाया पूरे प्रदेश का मान-सम्मान : संजय सरावगी

कहा—भाजपा में नवीन युग का हुआ शुभारंभ, अपनी संगठनात्मक कौशल से नई ऊँचाइयाँ देंगे नितिन नबीन

दिल्ली में भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने किया अभिनंदन

दरभंगा। मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन के पदभार ग्रहण समारोह में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह नगर विधायक श्री संजय सरावगी सम्मिलित हुए। इस अवसर पर श्री सरावगी ने नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष को स्मृति-चिह्न के रूप में रामलला के दरबार का प्रतीकात्मक स्वरूप मोमोंटो भेंट किया तथा मिथिला की परंपरा के अनुसार मखाना-माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया और नए दायित्व के लिए बधाई दी।

शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए श्री सरावगी ने कहा कि आज का दिन बिहार के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। बिहार की धरती से पहली बार कोई व्यक्तित्व विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के सर्वोच्च पद पर आसीन हुआ है, जो पूरे प्रदेश के लिए अपार सम्मान और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी के लिए एक नवीन युग की शुरुआत है।

उन्होंने कहा कि श्री नितिन नबीन सौम्य व्यक्तित्व, मृदुभाषी स्वभाव, दूरदर्शी सोच और कुशल संगठन क्षमता के धनी हैं। एक युवा और ऊर्जावान नेतृत्वकर्ता के रूप में उन्होंने संगठन को नई गति और नई दिशा देने का कार्य किया है। छत्तीसगढ़ के प्रभारी रहते हुए उन्होंने संगठनात्मक विस्तार के साथ-साथ प्रशासनिक समन्वय में भी उल्लेखनीय दक्षता का परिचय दिया।

श्री सरावगी ने कहा कि उन्हें लगभग 20 वर्षों तक श्री नितिन नबीन के साथ संगठन में कार्य करने का सौभाग्य मिला है—चाहे विधायक के रूप में हों या मंत्री के रूप में, उनका कार्य सदैव प्रेरणास्पद और अनुकरणीय रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और नितिन नबीन जी के नेतृत्व में संगठन निरंतर नई ऊँचाइयों को छुएगा। अनुशासन, संगठन और कार्यकर्ताओं के सम्मान की संस्कृति ही भारतीय जनता पार्टी की पहचान है। जहाँ अन्य दल युवाओं के नाम पर केवल राजनीति करती है, वहीं भाजपा ने मात्र 45 वर्ष के एक युवा, ऊर्जावान और कर्मठ नेतृत्वकर्ता को देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की सर्वोच्च जिम्मेदारी सौंपकर एक नया और प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।

उन्होंने कहा कि आज बिहार की धरती गर्व और उल्लास से अभिभूत है और पूरे देश में भाजपा कार्यकर्ता अपने युवा, ऊर्जावान और यशस्वी नेतृत्व के सम्मान में रंग, गुलाल और मिठाइयों के साथ उत्सव मना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *